रिवर व्यू कॉलोनी में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, ताला तोड़कर 8 लैपटॉप सहित कीमती सामान ले उड़े चोर पुलिसकर्मी के घर के बगल में वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

             नर्मदापुरम संवाददाता-

शहर की पॉश रिवर व्यू कॉलोनी फेस-2 में मंगलवार को चोरी की एक बड़ी वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने मकान नंबर 124 का ताला तोड़कर लाखों रुपये का कीमती सामान पार कर दिया। चोरी गए सामान में कंपनी के आठ लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, कंप्यूटर और अन्य महंगे उपकरण शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, मकान में कपिल शर्मा अपने दो साथियों के साथ किराए पर रहकर एक निजी कंपनी का संचालन करते हैं। घटना के समय उनके दोनों साथी शहर से बाहर गए हुए थे। मंगलवार को लौटने पर उन्होंने मकान का मुख्य ताला टूटा देखा। अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था और कंपनी के सभी कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि मकान पर काम करने वाली एक महिला रोजाना चाबी लेकर आती-जाती थी, लेकिन घटना वाले दिन वह नहीं पहुंची। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि यह मकान आदित्य पारे का है, जिन्होंने इसे करीब दो वर्ष पहले किराए पर दिया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, उसके ठीक बगल में एक पुलिसकर्मी का निवास है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

Spread the love