मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर यातायात पुलिस का शिकंजा, चार वाहन चालकों पर 34,600 रुपये का जुर्माना CJM न्यायालय ने चार प्रकरणों में सुनाया फैसला, अवैध साइलेंसर जब्त रखने और वाहन छोड़ने के दिए निर्देश

       नर्मदापुरम संवाददाता–

नर्मदापुरम। शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले बुलेट वाहन चालकों के खिलाफ नर्मदापुरम यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने पांच मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत की थीं। इनमें से चार प्रकरणों में माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय ने सुनवाई के बाद कुल 34,600 रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि एक प्रकरण अभी न्यायालय में लंबित है।
न्यायालय द्वारा निराकृत चार प्रकरणों में वाहन चालकों एवं संबंधित व्यक्तियों पर अलग-अलग जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
इन चार प्रकरणों में लगा जुर्माना वाहन क्रमांक MP05-ZA-3987: सूरज सैनी एवं किरण सैनी पर 11,100 रुपये का जुर्माना। वाहन क्रमांक MP05-ZD-6933: मनीष पटेल एवं राजेश चौधरी से संबंधित प्रकरण में 11,200 रुपये का जुर्माना। वाहन क्रमांक MP05-ZL-2677: सुमित बड़गुर्जर पर 6,100 रुपये का जुर्माना। वाहन क्रमांक MP05-MY-8770: विशाल चौरे पर 6,200 रुपये का जुर्माना। पांचवां प्रकरण न्यायालय में लंबित वाहन क्रमांक MP05-ZC-8301 के संबंध में आयुष गौर एवं संतोष चौरे से जुड़ा प्रकरण अभी न्यायालय में विचाराधीन है। अवैध साइलेंसर जब्त, वाहन छोड़ने के निर्देश माननीय CJM न्यायालय ने निराकृत चारों प्रकरणों में महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए अवैधानिक मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त रखने तथा संबंधित बुलेट वाहनों को छोड़ने के आदेश दिए हैं। इससे वाहन मालिकों को अपने वाहनों में दोबारा ऐसे साइलेंसर का उपयोग करने से रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से की अपील यातायात पुलिस ने बुलेट सहित सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप ही साइलेंसर का उपयोग करें। मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अनावश्यक शोर और अवैधानिक वाहन मॉडिफिकेशन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Spread the love