नर्मदापुरम संवाददाता-
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन की उपस्थिति में यातायात थाना एवं यातायात पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर जिले की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि पिछले वर्ष की तुलना में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 5 प्रतिशत और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 19 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं चालानी कार्रवाई में लगभग 200 प्रतिशत तथा जुर्माना राशि में 150 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इन उपलब्धियों पर पुलिस अधीक्षक ने संतोष व्यक्त करते हुए यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
ब्लैक स्पॉट की संख्या 11 से घटकर एक हुई
जिले में सड़क दुर्घटनाओं के संभावित खतरनाक स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है। वर्ष 2021 में जिले में 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित थे, जो 2022 में 8, वर्ष 2023 में 4 और वर्ष 2024 में घटकर मात्र एक रह गए। शेष ब्लैक स्पॉट को भी समाप्त करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
767 जनजागरूकता कार्यक्रमों से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
यातायात पुलिस द्वारा इस वर्ष जिलेभर में 767 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 221 कार्यक्रम स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, 244 कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को सीपीआर प्रशिक्षण देने तथा 302 अभियान ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को जागरूक करने और ट्रॉलियों पर रेडियम लगाने के लिए संचालित किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनजागरूकता और जनसहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में स्थायी कमी लाई जा सकती है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्ती
निरीक्षण के दौरान एसपी ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इनमें सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों, नशे में वाहन चलाने वालों, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों तथा मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा कोचिंग एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने राहवीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना एवं सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने और पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक सुनीता पटेल, रक्षित निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी, सूबेदार ईशान रिछारिया सहित यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नर्मदापुरम पुलिस का लक्ष्य है—सुरक्षित सड़कें, सुगम यातायात और दुर्घटनामुक्त जिला।
