
नर्मदापुरम संवाददाता-
बांद्राभान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नर्मदापुरम पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। मेले में वाहनों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए कुल 21 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें 19 नियमित और 2 आकस्मिक पार्किंग स्थल शामिल हैं। इन स्थानों पर ट्रैक्टर, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था रहेगी। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। मेला स्थल तक केवल प्रशासनिक एवं आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सवारी परिवहन के लिए परमिट प्राप्त बसें ही निर्धारित अस्थायी बस स्टैंड तक जा सकेंगी। मुख्य मार्ग और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सांगाखेड़ा की ओर जाने वाले वाहन मुहासा अथवा आरी मार्ग से परिवर्तित रास्ते का उपयोग कर सकेंगे। आकस्मिक परिस्थितियों में आवश्यक पहचान एवं परीक्षण के बाद ही वाहनों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी। 175 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा यातायात बाधित होने अथवा वाहन खराब होकर रास्ता अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए क्रेन की व्यवस्था भी की गई है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में चार निरीक्षकों सहित लगभग 175 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पुलिस बल दो शिफ्टों में ड्यूटी कर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की निगरानी करेगा। इसके अतिरिक्त ग्राम रक्षा समिति के 50 सदस्य भी पुलिस के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील नर्मदापुरम पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क अथवा सड़क किनारे वाहन पार्क न करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। परिवर्तित मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहेगा।
