
नर्मदापुरम संवाददाता-
शहर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सतरस्ता के पास नगर पालिका द्वारा बनाए गए टप क्षेत्र में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और इलाके में धुएं का गुबार छा गया। टप क्षेत्र में कपड़े और फोटोकॉपी की दुकानें संचालित हो रही थीं, जिससे आग के तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया।
सबसे खतरनाक बात यह रही कि जहां आग लगी, वहां से महज 5 से 10 कदम की दूरी पर पेट्रोल पंप मौजूद था। अगर आग की लपटें पेट्रोल पंप तक पहुंच जातीं तो हालात बेहद भयावह हो सकते थे। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला गया।
नगर पालिका की दमकल सहित अन्य वाहनों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने तेज लपटों के बीच आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। दूसरी ओर पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर का यातायात रोक दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा।
आग इतनी विकराल थी कि आसपास के टपों में भी आग फैलने का खतरा मंडरा रहा था। पुलिस और दमकल टीम ने पहले आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया और फिर आग पर काबू पाने में जुट गई। कड़ी मशक्कत और समय रहते की गई कार्रवाई से आग को पेट्रोल पंप और आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोक लिया गया।
अगर आग कुछ देर और फैलती तो पेट्रोल पंप की मौजूदगी के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। देर रात तक पुलिस प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर रखी गई।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आग में कितनी दुकानों और सामान को नुकसान पहुंचा, इसका वास्तविक आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।
आधी रात का यह अग्निकांड एक बड़े हादसे की चेतावनी भी दे गया—पेट्रोल पंप के इतने करीब टप क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को लेकर अब सवाल उठना लाजिमी है।
