
नर्मदापुरम संवाददाता-
पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति प्रेम का संदेश देते हुए सृष्टि सेवा संकल्प, नर्मदापुरम द्वारा AIM फॉर सेवा छात्रावास में अनूठे अंदाज में दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर लक्ष्मी पूजन के साथ वृक्षों का पूजन कर प्रकृति के प्रति सेवा, समर्पण और संरक्षण का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में सृष्टि सेवकों ने वृक्षों एवं उनके आसपास साफ-सफाई की। इसके बाद रंगोली सजाकर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। संस्था के सदस्यों ने बच्चों को दीपावली के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली का संबंध सतयुग, द्वापर और त्रेतायुग की महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि सतयुग में कार्तिक अमावस्या के दिन समुद्र मंथन से धन, वैभव और समृद्धि की देवी माता महालक्ष्मी प्रकट हुई थीं। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध कर उसकी कैद से 16 हजार कन्याओं को मुक्त कराया था। वहीं त्रेतायुग में भगवान श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूर्ण कर माता सीता एवं भाई लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था।इस अवसर पर अखिलेश गुप्ता ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को समझने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का भी अवसर है। हमें अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए।कार्यक्रम के समापन पर छात्रावास के सभी बच्चों को अतिथियों द्वारा स्वेटर वितरित किए गए। इसके पश्चात सभी ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस पहल के माध्यम से सामाजिक समरसता, सेवा भावना और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटकर सार्थक दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सृष्टि सेवक अमन गौर, नलिन पटेल, संदीप रावत, आशीष गुप्ता, हरिशंकर सोनी, भागीरथ जी सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
