
नर्मदापुरम संवाददाता-
शहर के पोस्ट ऑफिस घाट पर छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भोजपुरी समाज के लोगों एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर भोजपुरी समाज के सचिव प्रतीक पाठक ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति का एक ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व हमें जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देता है कि डूबने के बाद उदय होना निश्चित है। अर्थात जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, आशा और सकारात्मकता हमेशा बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, सूर्य उपासना, आस्था और अनुशासन का प्रतीक है। इस पर्व में श्रद्धालु पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ सूर्य देव एवं छठी मैया की आराधना करते हैं।
कार्यक्रम में प्रतीक पाठक, चंद्रभान सिंह, आनंद तिवारी, शशिकांत सिंह, अथर्व तिवारी, दिनेश चंद्र शर्मा, वैभव पाठक, कन्हैया यादव, गोपाल सिंह, सचिन तिवारी, संजय पाठक, यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा, शिवांशी, आदित्य, मयंक, निशु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
