साप्ताहिक जनसुनवाई में 12 शिकायतें प्राप्त, पुलिस अधीक्षक ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

                   [नर्मदापुरम संवाददाता]

पुलिस अधीक्षक कार्यालय नर्मदापुरम एवं जिले के समस्त थानों में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा (भापुसे) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी मामले, धोखाधड़ी तथा अन्य व्यक्तिगत शिकायतें शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली और आवेदकों को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों की तत्काल जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना, नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना तथा पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ करना है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय नर्मदापुरम सहित जिले के सभी थानों में नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसमें जिलेभर के नागरिक बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं तथा नियमानुसार उनके निराकरण की कार्रवाई की जाती है।

 

Spread the love