
नर्मदापुरम संवाददाता-
धनतेरस एवं दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए नर्मदापुरम पुलिस एवं यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 4 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक मुख्य बाजार क्षेत्र में चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और आवश्यकतानुसार एकांगी मार्ग व्यवस्था लागू की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना तथा यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखना है।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
यातायात पुलिस के अनुसार मोरछली से सराफा चौक तक चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर दोपहिया वाहन केवल सराफा चौक से मोरछली की ओर जा सकेंगे। इसी तरह सतरस्ता से हलवाई चौक, हलवाई चौक से सराफा मार्ग तथा अस्पताल चौक से इंदिरा चौक तक चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था पर रहेगा पुलिस का विशेष ध्यान
बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें लगातार भ्रमण करेंगी। दोपहिया वाहनों को सड़क किनारे निर्धारित स्थानों एवं पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाएगा। सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दीपावली के अवसर पर एसएनजी ग्राउंड के सामने लगने वाले पटाखा बाजार के आसपास जाम की स्थिति रोकने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
पुलिस ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि खरीदारी के लिए मुख्य बाजार में चारपहिया वाहन लेकर न आएं। आवश्यक होने पर इंदिरा चौक से हलवाई चौक, तार अहाता होते हुए अथवा झंडा चौक, होली चौक, पर्यटन घाट, एकता चौक एवं अस्पताल चौक की ओर से उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, बाजार में दोपहिया वाहनों का उपयोग करने और एकांगी मार्ग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
नर्मदापुरम पुलिस ने कहा है कि त्योहार की खुशियां तभी पूरी हैं, जब सफर भी सुरक्षित और सुगम हो। यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें, ताकि धनतेरस और दीपावली का पर्व बिना जाम और परेशानी के उत्साहपूर्वक मनाया जा सके।
