नर्मदापुरम संवाददाता- कौशल श्री विकास समिति के तत्वावधान में स्थानीय साई कृष्णा रिजॉर्ट में “गुरु गौरव एवं वनमाली शिक्षक सम्मान-2026” समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में जिले की शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं से जुड़े 250 से अधिक प्राचार्यों, संचालकों एवं शिक्षकों को शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना एवं गुरु वंदना से हुआ। प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण से भर दिया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सीताशरण शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक, श्रीमती माया नारोलिया, राज्यसभा सांसद, ठाकुर विजयपाल सिंह, विधायक सोहागपुर, डॉ. अतुल सेठा, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी, डॉ. संगीता जौहरी, कुलसचिव रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल तथा श्री सत्यम अग्रवाल, अध्यक्ष जिला फुटबॉल एसोसिएशन उपस्थित रहे।अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ खेल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सांस्कृतिक, साहित्यिक, विज्ञान एवं नवाचार सहित विभिन्न गतिविधियों में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षकों के योगदान का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देने के साथ समाज में शिक्षा और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है।समिति की ओर से सतीश बिल्लौरे ने बताया कि गुरु गौरव एवं वनमाली शिक्षक सम्मान समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना और समाज में गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि समारोह में जिले की विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के 250 से अधिक प्राचार्य, संचालक एवं शिक्षक सहभागी बने। इस दौरान शिक्षा के साथ खेल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सांस्कृतिक, साहित्यिक, विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन आशुतोष शर्मा एवं मोनिका राजोरिया ने किया। इस अवसर पर मनीष बिल्लौरे, राकेश पांडे, कृतिका मालवीय, सुनील सोनी सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।समारोह के अंत में अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने गुरुजनों के सम्मान, शिक्षा के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया।
गुरु गौरव एवं वनमाली शिक्षक सम्मान समारोह में 250 से अधिक शिक्षकों का सम्मान
