सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश लेकर संपन्न हुआ सतर्कता जागरूकता सप्ताह एसपीएम में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद मेले का समापन, करीब 50 स्टॉलों पर प्रदर्शित किए गए स्वदेशी उत्पाद

       नर्मदापुरम संवाददाता-

प्रतिभूति कागज कारखाना (एसपीएम) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के साथ गरिमामय वातावरण में किया गया। इसी क्रम में एसपीएम के कामगार कल्याण केंद्र में शनिवार एवं रविवार को स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर महाप्रबंधक अमित कुमार ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात मां सरस्वती एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया।
संयुक्त महाप्रबंधक एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह समिति के अध्यक्ष अखिलेश गुप्ता ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष, सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देने का देशव्यापी अभियान है। यह सप्ताह प्रतिवर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वाले सप्ताह में मनाया जाता है। सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता और सुशासन के मूल्यों के प्रतीक हैं। इस वर्ष अभियान की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। इसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
50 स्टॉलों पर सजे स्व-सहायता समूहों के उत्पाद
मेले में करीब 50 स्टॉल लगाए गए, जिनमें अचार, पापड़, मुरब्बे, दीपावली पूजन सामग्री, गौ उत्पाद, मिट्टी के दीपक, अगरबत्ती, शुद्ध शहद, देसी घी एवं विभिन्न प्रकार की सजावटी सामग्री आकर्षण का केंद्र रही।
मेले में गृह उद्योग प्रतिष्ठान, स्मार्ट स्व-सहायता समूह, मां गृह उद्योग, सासा बाय श्वेता, श्री अन्ना, साउथ इंडियन कैफे, कलाकृति आर्ट, वैशाली गृह उद्योग, कुबेर स्व-सहायता समूह, मेकलसुता स्व-सहायता समूह, स्पाक गृह उद्योग, अमृतश्री गृह उद्योग, आरसे देसी प्रोडक्ट फार्मिंग, आर्टशाला एवं जिंदगी जनकल्याण शिक्षण समिति सहित अनेक संस्थाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक प्रगति से जोड़ना, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा लोकल फॉर वोकल, स्वदेशी और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना था। मेले में एसपीएम कर्मचारियों के साथ नर्मदापुरम के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक खरीदारी की और उत्पादों की सराहना की।
सभी ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली। इसके बाद मेले में सहभागी सभी स्व-सहायता समूहों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके योगदान एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में संयुक्त महाप्रबंधक जीके मोहन, अखिलेश गुप्ता, संजय भावसार, गोविंद रघुवंशी एवं संजय उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में प्रतिभा गौतम, सुरेश अहिवासी, प्रमोद दुबे, नंदकिशोर, नरेंद्र, सौरभ, रमेश, अनूप एवं श्रीमती चित्रा हरणे (गृह उद्योग प्रतिष्ठान) का विशेष सहयोग रहा।

 

Spread the love