चित्रगुप्त घाट पर कायस्थ समाज ने चलाया स्वच्छता अभियान मां नर्मदा और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की दिलाई शपथ

      नर्मदापुरम संवाददाता-

स्वच्छता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं पुरुष सदस्यों द्वारा रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाजजनों ने घाट परिसर सहित नर्मदा तट के आसपास साफ-सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा एकत्र किया और उसे डस्टबिन में डाला। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को साफ रखने का संदेश दिया गया।

स्वच्छता अभियान के पश्चात समाज के मातृशक्ति एवं पुरुष सदस्यों को मां नर्मदा तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। समाजजनों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छता का ध्यान रखेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही नर्मदा तट पर कचरा नहीं फेंकने और घाट की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। समाज द्वारा इस प्रकार के स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।

प्रखर समाजसेवी सुमन वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि हम अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, तो शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में मंजुला श्रीवास्तव, सुनील राय, सी.बी. खरे, लालता प्रसाद, राजेंद्र श्रीवास्तव, विजय वर्मा, मनोज वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, आदित्य, गुनगुन सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Spread the love