स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की पहली आवश्यकता, पौधे लगाकर करें उनकी देखभाल : विजय वर्मा

               नर्मदापुरम संवाददाता

अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं पुरुषों द्वारा रविवार को संत रामजी बाबा समाधि स्थल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परिसर एवं पार्क की साफ-सफाई से हुई। समाज के सदस्यों ने श्रमदान कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी का कर्तव्य है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की पहली आवश्यकता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिए। पौधा लगाना प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी जरूरी है।
समाजसेवी सुनील राय ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। जिस स्थान को हम स्वच्छ रखते हैं, वहां हरियाली बढ़ाने का प्रयास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। समाज द्वारा लगातार किए जा रहे स्वच्छता अभियानों से लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना चाहिए।
इस अवसर पर सुमन वर्मा, विजय वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, सुनील राय, राजेंद्र श्रीवास्तव, प्रीती खरे, अशोक वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, ज्योति वर्मा, राधा गुप्ता, ममता तिवारी, मनोज वर्मा, लालता प्रसाद, सीबी खरे सहित समाज के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

 

Spread the love