सरोज परवर्ती कॉलोनी में संगीतमय महारुद्राभिषेक संपन्न

नर्मदापुरम संवाददाता –

श्रावण मास एवं पवित्र एकादशी के पावन पर्व पर हरि-हर के अद्भुत संयोग के महायोग में सरोज परवर्ती कॉलोनी स्थित श्री रामचंद्र जी मंदिर प्रांगण में हरी-हरात्मक शिव अभिषेक एवं संगीतमय महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।
कॉलोनी के समस्त शिवभक्तों ने सामूहिक रूप से पार्थिवेश्वर महारुद्राभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दिव्य अनुष्ठान आचार्य पंडित हरिओम मिश्रा के आचार्यत्व में संगीतमय वातावरण में संपन्न हुआ।
महारुद्राभिषेक में अधिवक्ता संघ के सचिव अनुपम दुबे, प्रदीप राजपूत, नीलेश मीना, वीरेंद्र मालवीय, बृजेश तिवारी, अभिषेक सोनी, लोकेश व्यास, सुरेंद्र खुराफा, ममता राजपूत, प्रियेश पटवा, देव तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने सहभागिता कर अभिषेक एवं पूजन किया और धर्मलाभ अर्जित किया।
पूजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दुग्ध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया। संगीतमय भजनों और मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण “नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव” के जयघोष से शिवमय हो गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

Spread the love