ज्ञानोदय विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं नागरिक दायित्व पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित यातायात नियमों के पालन के साथ विद्यार्थियों को CPR का महत्व बताया, सुरक्षित यातायात की दिलाई शपथ

                          नर्मदापुरम संवाददाता-

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम यातायात पुलिस द्वारा ज्ञानोदय विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं नागरिक दायित्व विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक सुनीता पटेल एवं निरीक्षक सूरज जमरा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, नागरिक जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में CPR के महत्व की जानकारी दी।
नियम चालान से बचने के लिए नहीं, जान बचाने के लिए हैं : संतोष मिश्रा
उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर सड़क सुरक्षा की स्थिति और भारत में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि इनके पीछे अनेक परिवारों की खुशियां, सपने और भविष्य जुड़े होते हैं।
उन्होंने कहा, “सड़क सुरक्षा के नियम तब भी लागू रहते हैं, जब सड़कों पर पुलिस नहीं होती। ये नियम चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जान बचाने के लिए हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने माता-पिता, परिजनों एवं मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।
हेलमेट, सीटबेल्ट और यातायात संकेतों के पालन पर जोर
निरीक्षक सुनीता पटेल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के महत्व को समझाया।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की रक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने शासन की सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना पीड़ितों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को उनके प्रावधानों और उपयोगिता से अवगत कराया।
आपात स्थिति में CPR बन सकता है जीवनरक्षक : सूरज जमरा
निरीक्षक सूरज जमरा ने विद्यार्थियों को CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की मूलभूत जानकारी देते हुए बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल आपातकालीन सेवाओं को सूचना देनी चाहिए। सुरक्षित तरीके से सहायता उपलब्ध कराना और उचित प्रशिक्षण प्राप्त होने पर प्राथमिक उपचार देना किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विद्यालय परिवार रहा उपस्थित
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वंदना श्रीवास्तव, व्याख्याता श्री जगदीश रघुवंशी, UMT श्री उमेश हनोते, शिक्षक श्री लखन लाल दुबे, अतिथि शिक्षक श्री संतोष मौर्य, पीटीआई श्री नंदकिशोर यादव, श्रीमती शिवानी राजपूत एवं श्रीमती निधि राजपूत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विद्यालय की ओर से श्री लखन लाल दुबे ने यातायात पुलिस के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
यातायात पुलिस की अपील
नर्मदापुरम यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, यातायात संकेतों का पालन करें तथा सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
“सड़क पर आपकी जिम्मेदारी, किसी के जीवन की सुरक्षा बन सकती है। नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।”

 

Spread the love