पचमढ़ी में ‘मध्य प्रदेश की अमरनाथ यात्रा’ नागद्वारी का शुभारंभ नाग पंचमी तक चलेगी 10 दिवसीय यात्रा, 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

          [नर्मदापुरम संवाददाता]

मध्य प्रदेश की अमरनाथ यात्रा’ के नाम से प्रसिद्ध पचमढ़ी की 10 दिवसीय नागद्वारी यात्रा का शुभारंभ हो गया है। नाग पंचमी के अवसर तक चलने वाली इस कठिन एवं दुर्गम धार्मिक यात्रा में महाराष्ट्र, विदर्भ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

वर्ष में केवल 10 दिनों के लिए खुलने वाले नाग देवता के प्राचीन मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को सतपुड़ा की ऊंची पहाड़ियों, संकरे रास्तों और गहरी घाटियों से होकर करीब 18 किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ता है। यात्रा के दौरान ‘बम भोले’ और ‘नागदेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है। दुर्गम रास्तों के बीच श्रद्धालुओं को सतपुड़ा की प्राकृतिक सुंदरता का भी अद्भुत अनुभव मिल रहा है।

पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर

नागद्वारी यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर मेला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं से प्लास्टिक सामग्री, पानी की बोतलें और अन्य कचरा प्राकृतिक क्षेत्र में नहीं छोड़ने तथा अपने साथ वापस लाने की अपील की गई है। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ पचमढ़ी के संवेदनशील प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखना है।

बारिश से यात्रा मार्ग को राहत की उम्मीद

यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले पचमढ़ी में हुई बारिश को श्रद्धालुओं और प्रशासन के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। बारिश से दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर धूल कम होने के साथ वातावरण भी सुहावना हुआ है। हालांकि लगातार बारिश की स्थिति में पहाड़ी रास्तों पर फिसलन बढ़ने से श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।

सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी रहेगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से नागद्वारी मंदिर तक पहुंचकर दर्शन कर सकें।

 

Spread the love