पीएम श्री कन्या विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित छात्राओं ने भाषण और चित्रकला के जरिए बिखेरी प्रतिभा, ‘विकसित भारत’ सेल्फी प्वाइंट रहा आकर्षण का केंद्र

   नर्मदापुरम संवाददाता-

पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गायत्री सोनी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीरेंद्र मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि, रघुवीर राजपूत, विधानसभा प्रभारी, श्रीमती मालती गौर, महिला एवं स्वास्थ्य सहायता समूह प्रदेश सहसंयोजक, जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं महिला मोर्चा जिला महामंत्री तथा माखन लोवंशी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय की गतिविधियों का अवलोकन कर छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘विकसित भारत की संकल्पना’ पर आधारित सेल्फी प्वाइंट रहा। अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेकर कार्यक्रम की गतिविधियों में सहभागिता की।
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘आत्मनिर्भर नारी’, ‘स्वदेशी अपनाओ’ एवं ‘भारत की शिक्षा प्रणाली’ जैसे विषयों पर प्रभावपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से सामाजिक जागरूकता एवं प्रेरक संदेशों को चित्रों में उकेरा।
21 एवं 22 सितंबर को लगेगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम की नोडल शिक्षक श्रीमती रश्मि पुरोहित ने बताया कि प्रतियोगिताओं में छात्राओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी 21 सितंबर को विद्यालय स्तर पर लगाई जाएगी। इसमें अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को संकुल स्तर पर चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित होगी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रश्मि पुरोहित एवं श्रीकान्त लोवंशी ने किया। आयोजन में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

 

Spread the love