
(नर्मदापुरम संवाददाता)
संभावित किसान आंदोलन के मद्देनज़र प्रशासन अलर्ट, आमजन की सुविधा और शांति बनाए रखने पर विशेष जोर
नर्मदापुरम-जिले में कानून-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित किसान आंदोलन को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा स्वयं सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। दोनों वरिष्ठ अधिकारी लगातार शहर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाते हुए जिले में सामान्य जनजीवन बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और प्रवेश मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान भी लागू किया गया है, ताकि लोगों का आवागमन प्रभावित न हो।
कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी कर रहे हैं। प्रशासनिक एवं पुलिस अमला पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ संवाद और समन्वय पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। किसान संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार सकारात्मक संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण वातावरण में समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।उन्होंने कहा कि “जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी मैदान में तैनात हैं और प्रत्येक स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।”
