‘सेवा संकल्प’ के तहत प्रतियोगिताएं संपन्न, ‘मेरे सपनों का भारत’ पर विद्यार्थियों ने बिखेरे रंग और विचार

नर्मदापुरम संवाददाता 

नर्मदापुरम- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर में ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद महेश बावरिया, विष्णु मालवीय एवं दीपक यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य बी.पी. पठरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने सपनों के भारत की कल्पना के साथ देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 6 के छात्र मोहित पासी ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर शानदार चित्र प्रस्तुत करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में छात्रा तमन्ना पासी ने अपने ओजस्वी एवं प्रभावशाली विचारों से सभी का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संयुक्त रूप से कुशल संचालन श्रीमती ममता कामले एवं श्री रोहित तिवारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी श्रीमती सविता दुबे, श्रीमती नीतू गौर, मनीषा वानखेड़े, रंजना दीक्षित, जितेंद्र जाट, राकेश रोशन तिर्की, सुनीता बुआरे, लता लुनारे, आरती परिहार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं शिक्षकों ने प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।

Spread the love