पंचम दा की यादों से सजेगी संगीत संध्या, असीम बिस्वास देंगे सुरों का अनमोल तोहफा

                        नर्मदापुरम संवाददाता-

शहर के संगीत प्रेमियों के लिए 27 जून की शाम यादगार बनने जा रही है। प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था म्यूजिक जोन नर्मदापुरम द्वारा महान संगीतकार आर.डी. बर्मन (पंचम दा) की जयंती के अवसर पर विशेष संगीत संध्या “दीवाना लेके आया है…” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 5:30 बजे नर्मदा महाविद्यालय स्थित संस्कृति भवन में होगा। इसकी मुख्य प्रस्तुति शहर के प्रसिद्ध गायक और “किशोर कुमार की आवाज” के रूप में पहचान रखने वाले असीम बिस्वास देंगे।म्यूजिक जोन लंबे समय से नर्मदापुरम में संगीत और कला के संरक्षण तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। संस्था समय-समय पर ऐसे सांस्कृतिक आयोजन करती रही है, जो समाज में संगीत, प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। इस बार का आयोजन पंचम दा के कालजयी संगीत को समर्पित होगा।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण असीम बिस्वास स्वयं म्यूजिक जोन के संस्थापक हैं। संगीत उन्हें पारिवारिक विरासत के रूप में मिला है। उनके माता-पिता भी उत्कृष्ट गायक रहे हैं, जबकि उनके बड़े भाई सुजीत बिस्वास देश के प्रतिष्ठित ऑर्केस्ट्रा समूहों के साथ कई नामचीन बॉलीवुड कलाकारों के मंच साझा कर चुके हैं।संगीत संध्या में किशोर कुमार और आर.डी. बर्मन के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी, जो श्रोताओं को हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर की यादों में ले जाएंगी। असीम बिस्वास के साथ शहर के अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएंगे।म्यूजिक जोन के सचिव एवं कार्यक्रम के सूत्रधार सईद कुरैशी ने बताया कि यह आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए एक विशेष अनुभव होगा, जहां सुर, संगीत और यादों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने शहरवासियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय शाम का आनंद लेने की अपील की है।

Spread the love