मां नर्मदा की सेवा में उतरी कायस्थ समाज की मातृशक्ति, चित्रगुप्त घाट पर चलाया वृहद स्वच्छता अभियान श्रद्धालुओं से अपील— पूजन सामग्री नदी में न डालें, डस्टबिन का करें उपयोग

              नर्मदापुरम संवाददाता-

स्वच्छ नर्मदा, सुंदर नर्मदा” के संकल्प को साकार करने के लिए अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति ने रविवार को चित्रगुप्त घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। समाज की महिलाओं ने श्रमदान कर घाट की साफ-सफाई की, कचरा एकत्रित किया और घाट पर जमी फिसलन भरी काई को हटाकर स्वच्छता का प्रेरणादायी संदेश दिया।
अभियान के दौरान घाट पर फैले प्लास्टिक, फूल-माला एवं अन्य कचरे को एकत्र कर डस्टबिन में डाला गया। श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया कि वे पूजन सामग्री एवं प्लास्टिक नदी में प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि मां नर्मदा का निर्मल स्वरूप सुरक्षित रह सके।
जिला अध्यक्ष राजेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि “मां नर्मदा हमारी जीवनदायिनी हैं। उन्हें स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जुड़कर स्वच्छता की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
कार्यक्रम में उपस्थित केशव देव वर्मा ने कहा कि “मां नर्मदा के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। ऐसी पावन धारा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है।”
अभियान में जिला अध्यक्ष राजेन्द्र श्रीवास्तव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, सी.बी. खरे, केशव देव वर्मा, सुनील राय, मनोज वर्मा, विजय वर्मा, लालता प्रसाद सहित मातृशक्ति से ज्योति वर्मा, प्रीति खरे, सुमन वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, रितु श्रीवास्तव, जानकी, रश्मि वर्मा एवं अदिति वर्मा मौजूद रहीं।
समाज पदाधिकारियों ने बताया कि चित्रगुप्त घाट पर यह स्वच्छता अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। इसका उद्देश्य न केवल घाटों की साफ-सफाई बनाए रखना है, बल्कि श्रद्धालुओं और आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।

Spread the love