सरोज परवर्ती कॉलोनी में गणेशोत्सव की धूम: 56 भोग, मटकी फोड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा परिसर

नर्मदापुरम संवाददाता –

गणेशोत्सव के पावन अवसर पर सरोज परवर्ती कॉलोनी में भक्ति, आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कॉलोनी में विराजमान गणपति बप्पा के दरबार में प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।गणेशोत्सव के तहत राधा अष्टमी के अवसर पर पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को यादगार बनाया। वहीं रविवार को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को विधि-विधान के साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से भव्य महाआरती की, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।धार्मिक आयोजन का संचालन वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री व्यास जी एवं आचार्य पंडित हरिओम मिश्रा के सानिध्य और दिशा-निर्देशन में किया जा रहा है। गणेशोत्सव का विशेष आकर्षण कॉलोनी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की सक्रिय भागीदारी बनी हुई है। बच्चे प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।आयोजकों ने बताया कि गणेश विसर्जन तक प्रतिदिन भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कॉलोनीवासियों की सहभागिता से पूरा क्षेत्र गणपति भक्ति और उत्सव के रंग में रंगा हुआ है।

Spread the love