नर्मदापुरम-तपती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा वृहद स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। मां नर्मदा के पावन तट को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में समाज के प्रबुद्ध जनों के साथ मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।अभियान के दौरान घाट की सीढ़ियों पर जमी काई को रगड़-रगड़कर साफ किया गया, ताकि यहां स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को फिसलने जैसी दुर्घटनाओं का सामना न करना पड़े। समाज के कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने झाड़ू, तगाड़ी और अन्य संसाधनों के माध्यम से पूरे घाट परिसर की सफाई की। घाट पर फैले कचरे, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर डस्टबिन तक पहुंचाया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाजसेवियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने लोगों से मां नर्मदा की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने कहा कि मातृशक्ति और स्थानीय समाज के सामूहिक सहयोग से यह अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि पूजा सामग्री और प्लास्टिक को सीधे नदी में प्रवाहित न करें।समाजसेवी सुनील राय ने कहा कि मां नर्मदा हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उनकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घाटों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजू वर्मा, ज्योति वर्मा, मनोज वर्मा, सीबी खरे, गुड्डू वर्मा, प्रीती खरे, विजय वर्मा, अशोक वर्मा, रश्मि वर्मा, रितु श्रीवास्तव, लालता प्रसाद, ममता तिवारी और आदित्य वर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
चित्रगुप्त घाट पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज का महा श्रमदान, सीढ़ियों से हटाई काई

