
भोपाल/Ujjain।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने रोड चौड़ीकरण एवं रामघाट क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए कहा कि राज्य सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, जिससे शहरवासियों और श्रद्धालुओं दोनों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार हर निर्माण कार्य की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रही है। उन्होंने बताया कि 30 जून तक क्षिप्रा-गंगा दशहरे के अवसर पर पूरे प्रदेश में सामूहिक श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत नदी, नहर, कुएं, बावड़ी और तालाबों सहित विभिन्न जल स्रोतों पर जनभागीदारी से जल संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में नंबर-1 पर है और यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जल ही जीवन है” और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर लगातार कार्य किया जा रहा है।सीएम डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी है तथा सिंहस्थ-2028 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधि और जनता मिलकर पूरी श्रद्धा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसे निर्माण कार्य करना है जिनका दूरगामी सकारात्मक परिणाम दिखाई दे।
