विशेष यातायात अभियान के आठवें दिन भी नर्मदापुरम पुलिस की प्रभावी कार्रवाई 159 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹54,700 समन शुल्क वसूल; आठ दिनों में 1,387 चालान

नर्मदापुरम संवाददाता-

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष यातायात अभियान के तहत यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीटबेल्ट के उपयोग को लेकर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
अभियान के आठवें दिन 5 अक्टूबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 159 चालान बनाए गए और ₹54,700 का समन शुल्क वसूल किया गया।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 110 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹33,000 का समन शुल्क वसूला गया। वहीं बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने वाले 28 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर ₹14,000 का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
आठवें दिन 44 प्रकरण लाइसेंस निलंबन के लिए आरटीओ को भेजे गए, जिनमें 36 प्रकरण पीओएस मशीन के माध्यम से तथा 8 प्रकरण पत्र के माध्यम से भेजे गए। इसी दौरान 10 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 601 लोगों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
आठ दिनों में 1,387 चालान
28 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अभियान के प्रथम आठ दिनों में नर्मदापुरम जिले में कुल 1,387 चालान बनाए गए तथा ₹4,88,800 का समन शुल्क वसूल किया गया।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1,006 कार्रवाई करते हुए ₹3,01,800 तथा बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने पर 291 कार्रवाई करते हुए ₹1,45,500 का समन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान 259 प्रकरण लाइसेंस निलंबन हेतु आरटीओ को भेजे गए, जिनमें 218 प्रकरण पीओएस मशीन तथा 41 प्रकरण पत्र के माध्यम से भेजे गए।
पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अब तक 72 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 18 स्कूल एवं कॉलेजों में यातायात संबंधी शिक्षा देकर 2,090 विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर 54 अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 4,447 लोगों को यातायात सुरक्षा का संदेश दिया गया।
नर्मदापुरम पुलिस की अपील
नर्मदापुरम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन बचाने के लिए पहनें। दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मानक का हेलमेट स्वयं पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। चारपहिया वाहन में सभी यात्री सीटबेल्ट का उपयोग करें।
पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का जीवन सुरक्षित रखने वाला दायित्व है।
“सड़क पर सावधानी—घर में खुशहाली।”
नर्मदापुरम पुलिस — सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

 

Spread the love