
नर्मदापुरम संवाददाता
स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (गुजराती), नर्मदापुरम में मंगलवार को ‘उमंग स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कीर्ति शिवपुरिया एवं उमंग जीवन कौशल प्रभारी श्रीमती ममता तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के उमंग हेल्थ डिपार्टमेंट से काउंसलर श्री शुभम संतौरे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी दी।सत्र के दौरान किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, इस दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं तथा बीमारियों की रोकथाम को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने और समय रहते उचित परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।काउंसलर श्री शुभम संतौरे ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या, बीमारी या व्यक्तिगत उलझन को छिपाने अथवा झिझकने की आवश्यकता नहीं है। वे बेझिझक अपनी समस्या शिक्षकों या काउंसलर के साथ साझा करें, ताकि समय पर उचित मार्गदर्शन एवं समाधान मिल सके।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें किशोरावस्था से जुड़े शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के प्रति जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना रहा।
