
[नर्मदापुरम संवाददाता]
शहर के सुभाष चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर में करीब 25 वर्षों से सेवा दे रहे पुजारी के परिवार के साथ मंदिर परिसर में कथित रूप से गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। मामले में पुजारी सुरेश शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और कलेक्टर सोमेश मिश्रा को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, पुजारी सुरेश शर्मा और उनके भाई कमल किशोर शर्मा कई वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ एवं धार्मिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पुजारी पक्ष का आरोप है कि मंदिर ट्रस्टी श्रीराम अग्रवाल द्वारा पिछले 3-4 वर्षों का करीब 5 लाख रुपये वेतन नहीं दिया गया है। इसके अलावा पुजारी का कहना है कि उन्होंने अपने निजी पैसों से मंदिर के जीर्णोद्धार में करीब 6 लाख रुपये खर्च किए। पिछले 3-4 वर्षों में बिजली बिल तथा प्रमुख पर्व-त्योहारों के धार्मिक अनुष्ठानों में भी करीब 10 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया है, जिसका भुगतान लंबित बताया गया है।
आरती की तैयारी के दौरान अभद्रता का आरोप पुजारी पक्ष के मुताबिक, जब परिवार के सदस्य पत्नी, पुत्र अभिषेक, भतीजे दिनेश और भाई की पत्नी के साथ आरती की तैयारी कर रहे थे, तभी ट्रस्टी श्रीराम अग्रवाल अपने कुछ साथियों के साथ मंदिर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई और भाई की पत्नी के हाथ से पूजा की थाली छीन ली गई।शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया राशि की मांग करने पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। पुजारी पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों को मंदिर परिसर में भेजकर उन्हें डराया-धमकाया गया।थाने में शिकायत नहीं होने का आरोप पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुजारी पक्ष ने अधिकारियों से यह भी मांग की है कि मंदिर परिसर में उन्हें और उनके परिवार को किसी प्रकार से परेशान या धमकाया न जाए तथा पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।इनका कहना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। थाना प्रभारी कोतवाली को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि शिकायतकर्ता और उनके परिवार को कोई परेशान या धमका तो नहीं रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
