
[नर्मदापुरम संवाददाता]
5 दिनों में 816 वाहनों पर कार्रवाई, ₹3.46 लाख से अधिक का समन शुल्क वसूला
नर्मदापुरम – जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक संचालित इस अभियान के तहत निजी वाहनों पर अवैध रूप से लगे हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, ब्लैक फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।अभियान के पांचवें दिन जिलेभर में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान 113 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान ₹44,100 का समन शुल्क वसूला गया। वहीं, अभियान के पहले पांच दिनों में कुल 816 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹3,46,400 का समन शुल्क वसूला जा चुका है।पुलिस ने जांच के दौरान विशेष रूप से निजी वाहनों पर लगाए गए अवैध फ्लैशर लाइट, ब्लैक फिल्म, VIP एवं शासकीय स्टिकर, अनधिकृत पदनाम और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर कार्रवाई की। पांचवें दिन 2 अवैध फ्लैशर लाइट, 14 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 22 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने वाले वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमानुसार चालान किए गए।यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संतोष मिश्रा के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार संचालित किया जा रहा है।नर्मदापुरम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, अनधिकृत पदनाम, ब्लैक फिल्म तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 10 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
