नर्मदा वैली विद्यालय में पुलिस ने पढ़ाया सुरक्षा का पाठ, विद्यार्थियों को दिए ट्रैफिक, साइबर और नशामुक्ति के टिप्स

                    नर्मदापुरम संवाददाता-

जिले में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और नशामुक्ति को लेकर नर्मदापुरम पुलिस का जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नर्मदा वैली विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा एवं नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और परिजनों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।डीएसपी मिश्रा ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस मिलने के बाद ही वाहन चलाना चाहिए। साथ ही सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायल की मदद, सीपीआर (CPR) की उपयोगिता और शासन की विभिन्न सड़क सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल बस संचालकों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा जाली और महिला सहायक जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।विद्यालय के प्राचार्य इरफान खान ने नर्मदापुरम पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।इस अवसर पर विद्यालय के संचालक मनीष अग्रवाल, शिक्षकगण, यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिलेभर में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा सकें।

Spread the love