
नर्मदापुरम संवाददाता-
शहर में सोमवार सुबह टेलीफोन एक्सचेंज एवं एसपी ऑफिस चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कार्यरत सरकारी कर्मचारी सुनील वर्मा घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वे अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-05-3015 के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।हादसे में सुनील वर्मा को पेट और कमर में चोटें आई हैं, जबकि उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बाइक चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज गति से भाग निकला।घटना की शिकायत सुनील वर्मा ने कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरा घटनाक्रम एसपी ऑफिस और टेलीफोन एक्सचेंज के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बाइक चालक की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
