स्कूल परिसर में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के कारोबार की शिकायत विहिप पदाधिकारी ने विद्यार्थियों के परिजनों व सदस्यों के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का मिला आश्वासन

                     नर्मदापुरम संवाददाता-

शहर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित सेठ गुरु प्रसाद अग्रवाल स्कूल परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में कथित रूप से अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियां संचालित होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर विद्यार्थियों के परिजनों एवं स्कूल स्टाफ द्वारा पूर्व में भी कई बार शिकायत किए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।
मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष आलोक शर्मा ने विद्यार्थियों के परिजनों एवं संगठन के सदस्यों के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने स्कूल परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में संचालित बताई जा रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि स्कूल के आसपास इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस से क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की।
मामले में कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं को जल्द कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। शिकायत के दौरान संदीप रावत, आशीष गुप्ता, हेमंत सारस्वत, राजेश मालवीय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Spread the love