पटवारी से अभद्रता पर भड़का पटवारी संघ, देर रात 40 से अधिक पटवारी पहुंचे देहात थाना स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य को लेकर बढ़ा विवाद, सुरक्षा और निर्धारित समय में काम कराने की उठाई मांग

          नर्मदापुरम संवाददाता–

स्वामित्व योजना के तहत पंजीयन कार्य के दौरान पटवारी के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आने के बाद पटवारी संघ में आक्रोश फैल गया। बुधवाड़ा गांव में पटवारी नितिन शर्मा के साथ हुई कथित घटना के विरोध में 40 से अधिक पटवारी देर रात एकजुट होकर देहात थाने पहुंचे। यहां उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
पटवारियों का कहना है कि स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य को लेकर उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण काम प्रभावित होता है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी पटवारियों पर डाल दी जाती है। इसी दबाव के चलते उन्हें देर रात तक गांवों में काम करना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ रही हैं।
देर रात तक काम कराने पर जताई नाराजगी
जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष देवेंद्र कदम ने कहा कि जिले में लगभग 370 पटवारी कार्यरत हैं, जिनमें 150 से अधिक महिला पटवारी हैं। ऐसे में देर रात तक गांवों में काम कराना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि पंजीयन सहित अन्य शासकीय कार्य निर्धारित कार्यालयीन समय में ही कराए जाएं, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वहीं, तहसील अध्यक्ष मुकेश गौर ने पटवारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पटवारियों को वरिष्ठ अधिकारियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। कर्मचारियों को कार्य के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग मिलना चाहिए।
सुरक्षा और कार्य समय निर्धारित करने की मांग
पटवारी संघ ने स्पष्ट किया कि तकनीकी समस्याओं के बीच कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बनाने के बजाय व्यवस्थाओं में सुधार किया जाना चाहिए। संघ ने पटवारी नितिन शर्मा के साथ कथित अभद्रता के मामले में एफआईआर दर्ज करने, कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पंजीयन कार्य के लिए समय सीमा निर्धारित करने की मांग उठाई है।

 

Spread the love