
नर्मदापुरम संवाददाता-
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा स्थानीय नगरपालिका पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बेलपत्र, जामुन, नीम और चीकू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा, वरिष्ठ सदस्य सुनील राय एवं केशव देव वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से इस वर्षा ऋतु में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया।विजय वर्मा ने कहा कि पौधे केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भोजन और आश्रय का भी प्रमुख स्रोत हैं। वहीं सुनील राय ने कहा कि “शुद्ध पर्यावरण ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और प्रकृति का ऋण वृक्षारोपण से ही चुकाया जा सकता है।” केशव देव वर्मा ने भी समाज से पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव एकजुट रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि समाज के सदस्यों ने केवल पौधे लगाने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा सहित ऋतु श्रीवास्तव, प्रीति खरे, ज्योति वर्मा, अशोक वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, ममता तिवारी, आदित्य खरे, गुनगुन खरे, सी.बी. खरे, प्रत्यक्ष खरे, जानकी मनोज वर्मा, पुरुषोत्तम वर्मा, सुमन वर्मा सहित अखिल भारतीय कायस्थ समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
