फसल बीमा योजना के तहत किसानों के खातों में पहुंचेगी 1460.25 करोड़ की राहत राशि

भोपाल, 19 जुलाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भोपाल जिले के जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 10.54 लाख किसानों के खातों में 1460.25 करोड़ रुपये की बीमा दावा राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण करेंगे। इसी अवसर पर जगदीशपुर में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक भी आयोजित की जाएगी।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से यह राशि वितरित की जा रही है। योजना के प्रारंभ से लेकर वर्ष 2024-25 तक मध्यप्रदेश के किसानों को कुल 30,942.34 करोड़ रुपये का दावा भुगतान किया जा चुका है, जिससे लाखों कृषकों को कठिन परिस्थितियों में राहत मिली है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मौसम की अनिश्चितताओं और अल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए सभी किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अवश्य कराएं। इससे प्राकृतिक आपदा या प्रतिकूल मौसम के कारण फसल नुकसान होने पर उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हो सकेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। किसानों की आय बढ़ाने, जोखिम कम करने तथा कृषि को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

Spread the love