
नर्मदापुरम संवाददाता
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की महिला प्रदेश सचिव रितु श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट संगठनात्मक कार्य और सक्रिय भूमिका को देखते हुए आगामी एक वर्ष अथवा अगले मनोनयन तक महिला प्रदेश सचिव के पद पर यथावत बनाए रखा गया है। इस संबंध में महिला प्रदेश अध्यक्ष अनुपमा श्रीवास्तव ने आदेश जारी करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
प्रदेश अध्यक्ष अनुपमा श्रीवास्तव ने कहा कि रितु श्रीवास्तव ने संगठन के प्रति समर्पण, सक्रियता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उनकी ऊर्जा, कार्यक्षमता और समाजहित में निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें पुनः इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करने का अवसर दिया गया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रितु श्रीवास्तव पूर्ण निष्ठा और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन की गरिमा बनाए रखेंगी। साथ ही संगठन विस्तार, नई इकाइयों का गठन, सदस्यता अभियान, विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी, महासभा के कार्यों के प्रचार-प्रसार तथा नियमित बैठकों में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए समाजहित में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाएंगी।
रितु श्रीवास्तव के पुनर्मनोनयन पर महिला अध्यक्ष ज्योति अभय वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, प्रीति खरे, रश्मि सक्सेना, रश्मि वर्मा, सुमन वर्मा, आदित्य वर्मा, संगीता श्रीवास्तव, अनीता वर्मा, प्रियंका श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
