
नर्मदापुरम-शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल पुराने बस स्टैंड पर खुले पड़े नाले के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। नाले पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन इसमें फंस रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क किनारे स्थित खुला नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक नाले का अनुमान नहीं लगा पाते और उनके वाहन फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति बन जाती है।क्षेत्र के दुकान संचालक घनश्याम सेन एवं राजा जी रेडियम ने बताया कि खुले नाले के कारण रोजाना छोटी-बड़ी घटनाएं हो रही हैं। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरते-गिरते बच जाते हैं, जबकि कुछ वाहन नाले में फंस भी चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नाले को ढंका नहीं गया या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है, क्योंकि पानी भर जाने से नाले की गहराई दिखाई नहीं देगी और दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा।नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि खुले नाले को तत्काल ढंककर सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
