
भगवान चित्रगुप्त जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर कायस्थ समाज में हलचल तेज हो गई है। समाज की मातृशक्ति ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार के राजनीतिक हस्तक्षेप या भ्रामक प्रचार को स्वीकार नहीं किया जाएगा और पूर्व निर्धारित समयानुसार शोभायात्रा पूरी भव्यता के साथ निकाली जाएगी।समाज की प्रतिनिधि श्रीमती मंजू श्रीवास्तव एवं मातृशक्ति संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोप लगाया है कि एक कांग्रेसी नेता द्वारा अपने राजनीतिक स्वार्थ के चलते रैली निरस्त होने की झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार बताते हुए समाज से सतर्क रहने की अपील की है। प्रीति खरे ने भी कहा कि इस प्रकार के भ्रामक प्रचार से समाज को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जिसका एकजुट होकर जवाब देना आवश्यक है।
सभी विवादों के बीच मातृशक्ति ने संकल्प लिया है कि शोभायात्रा परंपरा के अनुसार आज दोपहर 4 बजे धूमधाम से निकाली जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान चित्रगुप्त के पूजन-अर्चन से होगी, जिसके बाद मुख्य मार्गों से भव्य चल समारोह निकलेगा।आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जिनमें विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की राजनीति में न उलझें और अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता एवं परंपरा का परिचय दें।
