पीएम आवास की किस्त के लिए रिश्वतखोरी, पंचायत सचिव और चौकीदार गिरफ्तार

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत तेजगढ़ में सागर लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव जुगराज सिंह लोधी एवं चौकीदार गुड्डा रैकवार को 6000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।यह कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में की गई।लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महेंद्र कोष्ठी निवासी तेजगढ़ ने 16 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के नाम स्वीकृत 1 लाख 20 हजार रुपये की पीएम आवास योजना की दूसरी किस्त जारी करने के एवज में पंचायत सचिव द्वारा पहले 15,000 रुपये की मांग की गई थी। बाद में सौदा 6000 रुपये में तय किया गया।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि राशि न देने पर उनकी किस्त रोक दी गई तथा सरपंच प्रतिनिधि द्वारा भी अतिरिक्त रकम की मांग की गई थी।लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता से 6000 रुपये की राशि ली गई, लोकायुक्त टीम ने तत्काल दबिश देकर सचिव जुगराज सिंह लोधी को गिरफ्तार कर लिया। राशि प्राप्त करने के बाद उसने चौकीदार गुड्डा रैकवार को पैसे दिए, जिसे भी आरोपी बनाया गया है।हाथ धुलवाने की प्रक्रिया में दोनों के हाथों से केमिकल प्रतिक्रिया (लाल रंग) पाई गई, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।लोकायुक्त निरीक्षक मंजू किरण तिर्की ने बताया कि शिकायत सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई और दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।लोकायुक्त की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

Spread the love