जानिए नवरात्रि का महत्व क्या है।

प्रतीक पाठक, नर्मदापुरम

अपनी माँ को सभी दैवीय शक्तियों का मूर्तिमान स्वरूप मानते हुए, उनके प्रति श्रद्धा दिखानी चाहिए और उनके साथ प्रेमपूर्वक व्यवहार करना चाहिए। यही सच्चा संदेश है जो नौ रातों का त्योहार, नवरात्रि हमें देता है। सर्वोच्च शक्ति स्वयं को दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती के रूप में प्रकट करतीं हैं। दुर्गा हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती हैं। लक्ष्मी हमें कई प्रकार की संपत्ति प्रदान करती है, वे केवल मुद्रा का धन ही नहीं बल्कि बौद्धिक धन, चारित्रिक धन और अन्य कई प्रकार के धन प्रदान करतीं हैं। यहां तक ​​कि स्वास्थ्य भी धन है। वह हमें अकथनीय धन-सम्पत्ति देती हैं और सरस्वती हमें बुद्धि, बौद्धिक जांच-पड़ताल की क्षमता और विवेक की शक्ति प्रदान करतीं हैं। विश्व के समक्ष देवियों की शक्ति की उद्घोषणा करने के लिए ही नवरात्रि पर्व का उत्सव मनाया जाता है। व्यक्ति की अपनी स्वयं की माँ इन समस्त दैवी सत्ताओं का संयोजन है। वे हमें ऊर्जा, धन और बुद्धि प्रदान करतीं हैं। वे सदैव जीवन में हमारी उन्नति की कामना करतीं हैं। इसलिए वे इन तीनों देवियों का प्रतिनिधित्व करतीं हैं जिनकी हम नवरात्रि उत्सव की अवधि में पूजा करते हैं।

Spread the love