चित्रगुप्त घाट पर कायस्थ समाज का स्वच्छता अभियान, भजन गायिका आशा राजपूत ने किया श्रमदान

नर्मदापुरम-

पर्यावरण संरक्षण एवं मां नर्मदा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं पुरुष प्रकोष्ठ द्वारा रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने घाट परिसर, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्र में झाड़ू लगाकर सफाई की तथा प्लास्टिक, सूखे पत्तों एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित डस्टबिन में डाला।विशेष आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध भजन गायिका आशा राजपूत ने भी झाड़ू थामकर श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उनके घाटों को स्वच्छ रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कायस्थ समाज की मातृशक्ति द्वारा पिछले कई वर्षों से निरंतर चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की।समाजसेवी सुमन वर्मा ने कहा कि जल ही जीवन है और हमें प्लास्टिक मुक्त घाटों का संकल्प लेना होगा। उन्होंने स्वच्छ नर्मदा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि मां नर्मदा की स्वच्छता हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए।वरिष्ठ सदस्य सुनील राय ने कहा कि मां नर्मदा क्षेत्र की संस्कृति, अध्यात्म और अस्तित्व का आधार हैं। घाटों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से समाज ने पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।अभियान में बैंक सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा, जिला अध्यक्ष ज्योति अभय वर्मा, अशोक वर्मा, सी.बी. खरे, गुड्डू वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, प्रीति खरे, रितु श्रीवास्तव, अनीता वर्मा, ममता तिवारी, रश्मि सक्सेना, आदिति वर्मा, सुनीता श्रीवास्तव, गुनगुन खरे, साई वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर “स्वच्छ नर्मदा, समृद्ध जीवन” का संदेश दिया

Spread the love