किसानों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने दिए बचाव के महत्वपूर्ण सुझाव

                    नर्मदापुरम संवाददाता-

नर्मदापुरम की कृषि उपज मंडी में क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में किसानों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने उपस्थित किसानों को इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।एसडीओपी पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी धोखाधड़ी, निवेश एवं लॉटरी के नाम पर होने वाली ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा बैंकिंग साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।कार्यक्रम के दौरान साइबर स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। जागरूकता अभियान के अंतर्गत बैनर, पोस्टर, पंपलेट, शपथ कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। किसानों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

Spread the love