
नर्मदापुरम संवाददाता-
देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय चित्रगुप्त मंदिर स्थित चित्रगुप्त घाट पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति एवं पुरुष सदस्यों द्वारा पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भी नमन किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी सुमन वर्मा ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में देश का नेतृत्व करते हुए आमजन और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी। उनके द्वारा दिया गया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यबोध की भावना जागृत करता है।
उन्होंने महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि गांधीजी ने जनसेवा, सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान की। वक्ताओं ने कहा कि शास्त्रीजी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सादगी, विनम्रता और दृढ़ इच्छाशक्ति सार्वजनिक जीवन में आदर्श स्थापित करती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजजनों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा एवं समाजहित के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रखर समाजसेवी मंजुला श्रीवास्तव, राजेंद्र श्रीवास्तव, सी.बी. खरे, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी विजय वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, प्रीती खरे, मंजुला वर्मा, प्रिया श्रीवास्तव, सुमन वर्मा, अशोक वर्मा, रश्मि वर्मा, रितु श्रीवास्तव, ऋषिकेश श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, समाजसेवी सुनील राय, लालता प्रसाद, जानकी, केशव वर्मा सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
