बानापुरा में रेल ठहराव और स्टेशन की सुविधाओं की मांग, पत्रकार संघ ने सौंपा ज्ञापन

                    नर्मदापुरम संवाददाता-

बानापुरा रेलवे स्टेशन पर नई ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को पत्रकार संघ ने क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के नाम तहसीलदार नितिन कुमार झोड़ और बानापुरा रेलवे स्टेशन प्रबंधक सियाराम सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नितेश जैन, पार्षद, अधिवक्ता, व्यापारी, वरिष्ठ नागरिक, पेंशनर संघ, भारतीय किसान संघ, युवा, ऑटो चालक, भाजपा एवं कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, जामा मस्जिद सदर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल हुए।
पत्रकार संघ अध्यक्ष नंदकिशोर व्यास एवं नगर पालिका अध्यक्ष नितेश जैन ने कहा कि बानापुरा स्टेशन पर वर्षों से किसी नई ट्रेन का ठहराव नहीं हुआ है। क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा समय-समय पर सांसद, विधायक, महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष मांग रखी जाती रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर जनसमर्थन के साथ ज्ञापन सौंपा गया है।
प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने सहित कई मांगें
ज्ञापन में बानापुरा स्टेशन के प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने की प्रमुख मांग रखी गई। बताया गया कि वर्तमान प्लेटफार्म करीब 18 डिब्बों के अनुरूप है, जबकि कई ट्रेनें 22 से 24 डिब्बों की आती हैं। ऐसे में कई डिब्बे प्लेटफार्म से बाहर रह जाते हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों, बच्चों और अन्य यात्रियों को परेशानी होती है।
इसके अलावा गुड्स रेक प्वाइंट को बानापुरा से हटाने, वृद्धजनों को रेल किराये में छूट पुनः बहाल करने तथा जीआरपी चौकी बानापुरा की पुनः स्थापना की मांग भी की गई। ज्ञापन में कहा गया कि गुड्स रेक प्वाइंट के कारण क्षेत्र में धूल, यातायात और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है।
35 वर्षों से नई ट्रेन के ठहराव की मांग
पत्रकार संघ ने कहा कि बानापुरा में करीब 40 वर्ष पूर्व पंजाब मेल और लगभग 35 वर्ष पूर्व झेलम एक्सप्रेस का ठहराव हुआ था। इसके बाद से आज तक किसी नई ट्रेन का ठहराव नहीं हुआ है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए यहां नई ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता है।
ज्ञापन में कोरोना काल के दौरान बंद हुई भुसावल-नागपुर दादा धाम इंटरसिटी को पुनः शुरू करने की मांग की गई। साथ ही भुसावल-खंडवा-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू करने की मांग रखी गई, जिससे भुसावल, रावेर, बुरहानपुर, खंडवा, छनेरा, हरदा, टिमरनी, सिवनी मालवा, इटारसी, नर्मदापुरम, बुधनी, औबेदुल्लागंज, मंडीदीप और रानी कमलापति सहित अनेक स्थानों के यात्रियों को लाभ मिल सके।
इसके अलावा पुष्पक एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस, बनारस-हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस, अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस, जयपुर-हैदराबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस, काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल एक्सप्रेस तथा हावड़ा-मुंबई मेल के बानापुरा स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई।
देर रात होने वाले ठहराव का भी मुद्दा उठाया
ज्ञापन में कहा गया कि जनता एक्सप्रेस 13201-13202 के समय में परिवर्तन तथा पुणे-जम्मू तवी झेलम एक्सप्रेस 11077-11078 एवं काशी एक्सप्रेस 15017-15018 के बानापुरा में देर रात पहुंचने के कारण यात्रियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए ट्रेनों के समय और ठहराव की समीक्षा कर यात्रियों के लिए सुविधाजनक समय निर्धारित करने की मांग की गई।
मांग पूरी नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन
पत्रकार संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर संवैधानिक एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत सांसद, विधायक, महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक के माध्यम से रेल मंत्री से मुलाकात और चर्चा, हस्ताक्षर एवं पोस्टकार्ड अभियान, 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर मौन धरना, काली पट्टी बांधकर युवाओं एवं छात्रों के साथ सिवनी मालवा से बानापुरा तक पैदल मार्च तथा हनुमान मंदिर से जयस्तंभ चौक तक मशाल एवं कैंडल मार्च प्रस्तावित है। इसके बाद नगर बंद और रेल रोको जैसे आंदोलन भी किए जाने की बात कही गई है।

Spread the love