
नर्मदापुरम संवादाता
बिजली आपूर्ति एवं मूंग खरीदी के ई-टोकन से संबंधित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ, मध्यप्रदेश विकासखंड सोहागपुर, जिला होशंगाबाद के पदाधिकारियों एवं किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर डॉ. बबीता राठौर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि रामनगर फीडर, कृषि एवं डीएलएफ निभौरा क्षेत्र के करीब 8 से 10 गांव बिजली आपूर्ति की समस्या से प्रभावित हैं। किसानों ने शासन द्वारा निर्धारित 10 घंटे की बिजली आपूर्ति की गाइडलाइन के अनुसार कृषि कार्य के लिए प्रतिदिन 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
किसानों ने बिजली विभाग के उपमहाप्रबंधक एवं जेई के कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अधिकारियों द्वारा किसानों एवं आम नागरिकों के फोन नहीं उठाए जाते और बिजली संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया जाता।
इसके अलावा मूंग खरीदी की प्रक्रिया को लेकर भी किसानों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। किसानों का कहना है कि मूंग खरीदी का समय लगातार निकलता जा रहा है, जिसके कारण उपार्जन केंद्रों पर किसानों की भीड़ बढ़ रही है। अधिक भीड़ को देखते हुए उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाने तथा स्लाइड बुकिंग की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 तक बढ़ाने की मांग की गई।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने शासन एवं प्रशासन से बिजली आपूर्ति तथा मूंग खरीदी से जुड़ी किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में केसरी सिंह पटेल, विक्रम सिंह रघुवंशी, रामबाबू पटेल, शेर सिंह, भगवानदास पटेल, राम हजूर पटेल, उमेश पटेल, नवाब सहित अन्य किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
