![]()
![]()
[नर्मदापुरम संवाददाता]
चार दिनों में 703 वाहनों पर कार्रवाई, ₹3.02 लाख से अधिक का समन शुल्क वसूला
नर्मदापुरम – जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और निजी वाहनों पर अवैध रूप से हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, ब्लैक फिल्म तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक चल रहे इस अभियान के चौथे दिन भी जिलेभर में सघन वाहन जांच की गई।अभियान के चौथे दिन 174 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹68,600 का समन शुल्क वसूला गया। वहीं, पहले चार दिनों में कुल 703 वाहनों पर कार्रवाई कर ₹3,02,300 का समन शुल्क वसूला जा चुका है।
वाहन जांच के दौरान निजी वाहनों पर लगाए गए अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP एवं शासकीय स्टिकर, अनधिकृत पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। चौथे दिन की कार्रवाई में 2 अवैध फ्लैशर लाइट, 22 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 36 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने के मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संतोष मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।नर्मदापुरम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष प्रवर्तन अभियान 10 अगस्त तक पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विशेष प्रवर्तन अभियान में नर्मदापुरम पुलिस की सख्त कार्रवाई

