
[नर्मदापुरम संवाददाता]
अवैध हूटर, फ्लैशर, ब्लैक फिल्म, VIP स्टिकर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर लगातार कार्रवाई, 10 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
नर्मदापुरम – पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत नर्मदापुरम पुलिस जिलेभर में लगातार सघन वाहन जांच कर रही है। अभियान के तीसरे दिन भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए 154 वाहनों के चालान बनाए गए तथा ₹69,500 का समन शुल्क वसूला गया।
अभियान के पहले तीन दिनों में कुल 529 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹2,33,700 का समन शुल्क वसूला जा चुका है। पुलिस द्वारा निजी वाहनों में लगाए गए अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
तीसरे दिन की कार्रवाई में 1 अवैध हूटर, 2 फ्लैशर लाइट, 24 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 35 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने वाले वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
नर्मदापुरम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान 10 अगस्त तक पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
