
नर्मदापुरम संवाददाता –
पेड़ों की देखभाल और संरक्षण का लिया संकल्प
नर्मदापुरम-पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को स्थानीय नेहरू पार्क में अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं समाज के पुरुष सदस्यों द्वारा वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री के प्रेरणास्पद अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में आंवला, आम, नींबू, अमरूद और जामुन सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ इन पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल और संरक्षण से ही संभव है।
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के सचिव अनुपम दुबे ने कहा कि अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति द्वारा शुरू किया गया यह अभियान अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही धरती पर जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है।
जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
समाजसेवी सुमन वर्मा ने कहा कि पेड़ केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, जीवन और आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा करेंगे तो भविष्य सुरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नेहरू पार्क परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने संकल्प लिया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव, ऋषिकेश श्रीवास्तव, अभय वर्मा, विजय वर्मा, सुनील कुमार राय, केशव देव वर्मा, लालता प्रसाद (बबलू तिवारी), सी.बी. खरे, गुड्डू वर्मा, ज्योति वर्मा, प्रीति खरे, मंजूला श्रीवास्तव, सुमन वर्मा, रितु श्रीवास्तव, ममता तिवारी, अनीता वर्मा, जानकी सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
