
नर्मदापुरम संवाददाता-
जबलपुर में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से जुटे समाजजन, उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए मिला सम्मान
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन हाल ही में जबलपुर में आयोजित किया गया। अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में समाजहित, संगठन विस्तार और सामाजिक एकजुटता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित भी किया गया, जिसमें नर्मदापुरम जिला इकाई को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
अधिवेशन में नर्मदापुरम मातृ शक्ति अध्यक्ष ज्योति अभय वर्मा एवं जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम को उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में श्रीमती ज्योति अभय वर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, श्रीमती मंजू वर्मा, श्रीमती प्रीती खरे, श्रीमती रितु श्रीवास्तव, सुनील राय, अभय वर्मा सहित अन्य सहयोगी सदस्य शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष चमन श्रीवास्तव, प्रदेश महामंत्री सुनील श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, महिला जिला अध्यक्ष शिखा श्रीवास्तव, युवा जिला अध्यक्ष विवेक खरे सहित प्रदेश एवं देशभर से आए अनेक पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे।
संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव
जिला अध्यक्ष एवं प्रखर समाजसेवी राजेंद्र श्रीवास्तव ने जबलपुर इकाई की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकारिणी बैठक में जिन महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ है, वे समाज के उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होंगे। उन्होंने कहा कि आज अखिल भारतीय कायस्थ महासभा केवल राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक अनुशासित, संगठित और सशक्त सामाजिक संगठन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुकी है।
उन्होंने कहा, “समाज संगठित रहेगा, तभी राष्ट्र भी सशक्त बनेगा। राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय समाज के विकास और नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
राष्ट्रीय अधिवेशन में नर्मदापुरम जिला इकाई को मिले सम्मान पर जिले की समस्त कार्यकारिणी एवं समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
