
नर्मदापुरम संवाददाता-
मां नर्मदा की अविरल पवित्रता और स्वच्छता को समर्पित अखिल भारतीय कायस्थ समाज ने रविवार को चित्रगुप्त घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर एक बार फिर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। समाज की मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने घाट परिसर एवं नर्मदा तट की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। यह अभियान पिछले कई वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है और अब जनजागरण का प्रभावी माध्यम बन चुका है।सेवानिवृत्त शिक्षिका एवं समाजसेवी मंजू श्रीवास्तव ने कहा कि मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक घाटों पर गंदगी न फैलाने का संकल्प ले, तो नर्मदा तट हमेशा स्वच्छ और सुंदर बने रहेंगे।समाजसेवी सुनील राय ने कहा कि स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं बल्कि जीवन का संस्कार है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा सामग्री, प्लास्टिक एवं अन्य कचरा घाटों पर न छोड़ें और मां नर्मदा की पवित्रता बनाए रखने में अपना योगदान दें।बैंक सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी देता है। समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए।अभियान के दौरान समाजजनों ने घाट परिसर से कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा उपस्थित सभी लोगों ने नर्मदा तट को स्वच्छ रखने, घाटों पर गंदगी न फैलाने और दूसरों को भी जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर बैंक सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा, अशोक वर्मा, केशव देव वर्मा, सी.बी. खरे, सुनील राय, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, लालता प्रसाद, मनोज वर्मा, स्वच्छता संयोजक प्रीति खरे, मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, रितु श्रीवास्तव, सुमन वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, अदिति, गुनगुन खरे, सुनीता श्रीवास्तव, श्रीमती ममता तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।बारिश में स्वच्छता अभियान को विराम, अब हर रविवार होगा पौधारोपणलगातार हो रही भारी बारिश और प्रशासन की सुरक्षा सलाह को देखते हुए अखिल भारतीय कायस्थ समाज ने वर्षा ऋतु के दौरान घाटों पर चल रहे स्वच्छता अभियान को अस्थायी रूप से विराम देने का निर्णय लिया है। इसके स्थान पर अब प्रत्येक रविवार नगर के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। समाज ने सभी नागरिकों और सामाजिक संगठनों से इस हरित अभियान में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देने की अपील की है।
