बुजुर्ग रिटायर्ड बैंक अफसर से मारपीट, सामान सड़क पर फेंका, पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप

                           नर्मदापुरम

जिले  के कोठी बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस के पास बने ऐतिहासिक ‘लाल बंगला’ परिसर में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक पुश्तैनी मकान का ताला तोड़कर कब्जे की कोशिश की। इस दौरान सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी द्वारका प्रसाद मालवीय के साथ मारपीट की गई और घर का सामान सड़क पर फेंक दिया गया।पीड़ित द्वारका प्रसाद मालवीय ने बताया कि वे अपने पुश्तैनी मकान से कुछ जरूरी सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोग जबरन मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और घर में रखा सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई और बेरहमी से मारपीट की गई। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मालवीय ने आरोप लगाया कि उनका और उनके बड़े भाई के बीच पुश्तैनी संपत्ति को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन विवाद सुलझने से पहले ही उनके भाई ने कथित तौर पर असामाजिक तत्वों की मदद से उन पर हमला करवा दिया। उन्होंने इसे सुनियोजित कार्रवाई बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।पीड़ित दंपत्ति ने बताया कि दोनों लंबे समय से अस्वस्थ हैं और इस घटना से उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। उनका आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और न ही उचित कार्रवाई की।बुजुर्ग दंपत्ति ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वे पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

Spread the love